मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) पलाश चंद्र ढाली के पदभार संभालते ही जिले में अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। जिले में नशीले पदार्थ और अवैध बालू तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खड़गपुर, डेबरा, पिंगला और सबंग क्षेत्रों में नशीले पदार्थों का कारोबार पहले काफी बढ़ गया था। हाल ही में खड़गपुर में एक छापेमारी के दौरान ट्रक से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया था, जो अंतरराज्यीय तस्करों से जुड़ा पाया गया। मंगलवार को भी नयाग्राम ब्लॉक के डाही इलाके में संदिग्ध ऑटो में तलाशी के दौरान ऑटो से लगभग 62 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था ।
एसपी ढाली ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री पर भी सख्त पाबंदी लगाई गई है और राजमार्गों के किनारे स्थित ढाबों की नियमित जांच की जा रही है। इसके साथ ही अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए तलाशी अभियान भी तेज कर दिया गया है।
जिले में अवैध बालू खनन और तस्करी पर भी पुलिस की पैनी नजर है। केशियारी और दांतन क्षेत्रों में सुवर्णरेखा नदी के घाटों से बालू की तस्करी रोकने के लिए भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस दो प्रमुख तरीकों—केरिंग ऑर्डर का दुरुपयोग और ओवरलोडिंग—पर विशेष नजर रख रही है।
पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली ने चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग या एक ही पास पर बार-बार ढुलाई करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "जिले में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। हम नशीले पदार्थों और राजस्व चोरी के खिलाफ कड़ा रुख अपना रहे हैं।"
नशीले पदार्थ और अवैध बालू तस्करी पर शिकंजा कसने में जुटी पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस






